पंजाब में केजरीवाल और भगवंत मान का मेगा रोड शो, स्वर्ण मंदिर पहुंचे आप नेता

रविवार, 13 मार्च 2022 (13:25 IST)
अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में आज अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का मेगा रोड शो है। रोड शो से पहले दोनों दिग्गज नेता स्वर्ण मंदिर पहुंचे और दर्शन किए।

इससे पहले मान ने हवाई अड्डे पर केजरीवाल, दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का स्वागत किया। इस दौरान पार्टी नेता राघव चड्ढा भी मौजूद थे।
 
केजरीवाल और मान दुर्गयाना मंदिर और श्री राम तीरथ मंदिर में भी पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद वे पार्टी को भारी मतों से जिताने के लिए जनता का आभार व्यक्त करने के वास्ते यहां रोड शो निकालेंगे। पार्टी के मुख्य संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली से यहां पहुंचने पर सीधे स्वर्ण मंदिर गए।
 
ऐतिहासिक जीत के बाद इस रोड के लिए आप कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। रोड शो के लिए पूरा अमृतसर आप के पोस्टर और बैनर से पटा है। 
 
Koo App
इस बीच भगवंत मान ने संवाददाताओं से कहा कि पंजाब के लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए हम गुरु साहिब का आशीर्वाद लेंगे। हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल राज्य के लोगों को धन्यवाद देने के लिए आज अमृतसर आ रहे हैं।
 
117 सदस्यीय विधानसभा में आप ने 92 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। कांग्रेस ने 18 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा ने 3 और शिरोमणि अकाली दल ने 3 सीटों पर जीत हासिल की।
 
भगवंत मान को शुक्रवार को मोहाली में पार्टी विधायकों की बैठक में आप के विधायक दल के नेता चुना गया। वे 16 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी