भगत सिंह के गांव में मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे भगवंत मान

शुक्रवार, 11 मार्च 2022 (17:46 IST)
नई दिल्ली। पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की शानदार जीत के एक दिन बाद, उसके मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बीच, मान ने कहा है कि वे मुख्‍यमंत्री पद की शपथ भगत सिंह के गांव खटकर कलां में लेंगे। 
 
मान शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे। बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मान की केजरीवाल से यह पहली मुलाकात है। ‘आप’ नेता राघव चड्ढा भी बैठक में मौजूद थे।
 
आप ने राज्य की 117 विधानसभा सीट में से 92 पर जीत दर्ज की है। मान ने धूरी सीट से 58 हजार 206 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की।
Koo App
राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होने से पहले संगरूर में पत्रकारों से बात करते हुए मान ने कहा था कि वह पंजाब चुनाव में पार्टी की जीत पर बधाई देने के लिए केजरीवाल से मिलेंगे। मान ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के नवांशहर जिले में स्थित पैतृक गांव खटकर कलां में होगा।
 
पार्टी की शानदार चुनावी जीत पर मान ने कहा कि लोगों ने अहंकारी लोगों को हराया और उन्होंने आम लोगों को विजयी बनाया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी