नागपुर में गडकरी के घर विधायकों का जमघट

मंगलवार, 21 अक्टूबर 2014 (21:12 IST)
नागपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र भाजपा के कद्दावर नेता नितिन गडकरी मंगलवार के दिन ही यहां पहुंचे और उनके पहुंचते ही उनके निवास स्थान पर विधायकों का पहुंचना शुरु हो गया है। 
गडकरी पहले ही बोल चुके हैं कि वे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे लेकिन समाचार लिखे जाने तक यह सुगबुगाहट शुरू हो गई थी कि उनके घर पहुंचने वाले विधायक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग करेंगे। 
 
पता चला है कि गडकरी मंगलवार के दिन ही राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के चीफ मोहन भागवत से मिलने वाले हैं। इसी बीच हाल ही में महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा के टिकट पर विजयी विधायकों का गडकरी के घर पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया। 
 
देर रात तक करीब 40 भाजपा विधायकों के गडकरी के घर पहुंचने की संभावना है। नागपुर से मिल रही खबरों में बताया जा रहा है कि ये विधायक मुख्यमंत्री पद के लिए नितिन गडकरी को बनाए जाने की मांग करेंगे क्योंकि वे चाहते हैं कि इस पर पर कोई ऐसा अनुभवी व्यक्ति बैठे जो महाराष्ट्र की तासीर से परिचित हो।
 
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नितिन गडकरी हैं या नहीं, इस बारे में खुद गडकरी ने बाद में चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बनने में मेरी कोई रुचि नहीं हैं, मैं दिल्ली में खुश हूं। 
 
हालांकि जैसे ही कार्यकर्ताओं को पता चला कि गडकरी नागपुर पहुंच रहे हैं, वैसे ही सैकड़ों की संख्या में भाजपा नेता एयरपोर्ट पहुंच गए और उन्होंने उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। उधर दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला दीपावली के बाद ही किया जाएगा। (वेबदुनिया न्यूज)

वेबदुनिया पर पढ़ें