मुंबई पुलिस बिना मास्क वालों से वसूल रही है जुर्माना, लोगों ने कहा- कंगना पर भी लगाओ फाइन

सोमवार, 22 फ़रवरी 2021 (17:36 IST)
मुंबई पुलिस बिना मास्क वालों से वसूल रही है जुर्माना, लोगों ने कहा- कंगना पर भी लगाओ फाइन
मुंबई। मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस को बिना मास्क वाले लोगों से जुर्माना वसूलने का अधिकार दे दिया है। दूसरी ओर, कोरोना नियमों का उल्लंघन करने एवं मास्क नहीं पहनने वालों से पुलिस ने मार्च 2020 से लेकर फरवरी 2021 तक 31 करोड़ से ज्यादा का जुर्माना वसूला है। पुलिस ने इस अवधि में करीब 15 लाख लोगों पर जुर्माना ठोंका। 
 
पुलिस कमिश्नर परमवीर सिंह ने ट्‍वीट कर बताया कि मास्क नहीं पहनने वाले लोगों पर मुंबई पुलिस जुर्माना लगाएगी। दरअसल, मुंबई में फिर से लॉकडाउन नहीं लगाना पड़े इसके लिए मास्क पहनने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। अब पुलिस भी एक्शन में दिखाई दे रही है और जगह-जगह पर मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। 19 फरवरी को भी मुंबई पुलिस ने 13 लाख 592 लोगों से 27 लाख रुपए से ज्यादा जुर्माना वसूला। 
 
उल्लेखनीय है कि रविवार को मुंबई में रिकॉर्ड 921 मामले सामने आए थे। इसके साथ ही मुंबई में कोरोना संक्रमितों की संख्‍या बढ़कर 3 लाख 19 हजार के लगभग हो गई है, जबकि पूरे महाराष्ट्र में यह संख्या 21 लाख से ज्यादा है। 
 
दूसरी ओर, अपनी फिल्म 'धाकड़' को लेकर सुर्खियां बटोर रहीं कंगना रनौत रविवार शाम मुंबई पहुंची। उन्होंने एयरपोर्ट पर मास्क नहीं लगा रखा था। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें कंगना एयरपोर्ट पर अपनी कार की तरफ बढ़ते समय बिना मास्क दिखाई दे रही थीं। लोगों ने सोशल मीडिया पर कहा कि इन पर भी जुर्माना लगाएइ।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी