Air India फ्लाइट में क्रू मेंबर से मारपीट, आरोपी यात्री को विमान से उतारा

सोमवार, 10 अप्रैल 2023 (15:10 IST)
नई दिल्ली। एयर इंडिया ने दिल्ली-लंदन उड़ान के केबिन क्रू सदस्यों को शारीरिक चोट पहुंचाने के आरोप में एक अशिष्ट व्यक्ति को सोमवार सुबह विमान से उतार दिया। विमान उड़ान भरने के तुरंत बाद यात्री को उतारने के लिए राष्ट्रीय राजधानी लौट आया।

एयरलाइन ने यह जानकारी दी। एयरलाइन ने बताया कि उड़ान एआई 111 दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरी और यात्री को सुरक्षाकर्मियों के सुपुर्द कर दिया गया तथा पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

एयरलाइन ने एक बयान में कहा, व्यक्ति को मौखिक और लिखित रूप में चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने चेतावनी को अनसुना कर दिया और अमर्यादित व्यवहार करता रहा। उसने केबिन क्रू के दो सदस्यों को शारीरिक चोट पहुंचाने का भी प्रयास किया।

विमान ने लंदन हीथ्रो के लिए उड़ान भरी थी जो यात्री के गंभीर अमर्यादित अशिष्ट व्यवहार के कारण उड़ान भरने के तुरंत बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आया। कमान संभाल रहे पायलट ने दिल्ली हवाई अड्डा लौटने का फैसला किया।

एयरलाइन ने कहा कि विमान के अब दोपहर में लंदन के लिए उड़ान भरने की संभावना है। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) में सूत्रों ने कहा कि विमान ने सुबह करीब 6 बजकर 35 मिनट पर राष्ट्रीय राजधानी से उड़ान भरी थी। तुरंत बाद ही आरोपी यात्री तथा चालक दल के 2 सदस्यों के बीच विवाद हुआ।

उन्होंने बताया कि इसके बाद विमान दिल्ली की ओर वापस मुड़ा और सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर यहां उतरा। सूत्रों ने बताया कि विमान में करीब 225 यात्री सवार थे। एयरलाइन ने कहा, एयर इंडिया में सवार सभी लोगों के लिए सुरक्षा, रक्षा और उनका सम्मान हमारे लिए महत्वपूर्ण है।

हम प्रभावित चालक दल के सदस्यों को हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। यात्रियों को हुई इस असुविधा के लिए हमें खेद है। हाल के समय में घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय विमानों में यात्रा के दौरान यात्रियों के दुर्व्यवहार की कई घटनाएं हुई हैं।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी