मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रशांत किशोर को ‘च्यवनप्राश’ बताते हुए कहा, बढ़ती उम्र में ऐसे टॉनिकों का सहारा लेना पड़ता है। वहीं चुनावी रणनीति तय करने के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के बीच पहले ही एक बैठक हो चुकी है।
उपाध्याय ने संपर्क करने पर बताया कि किशोर के साथ समन्वय के लिए उन्होंने प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रदेश पार्टी सचिव विनोद चौहान को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और दोबारा सत्ता में आने के लिए पार्टी पूरी तरह जुटी हुई है।