झारखंड में लड़की से दुष्‍कर्म और हत्या मामले में 14 लोग गिरफ्तार

शनिवार, 5 मई 2018 (17:38 IST)
चतरा। झारखंड के चतरा जिले में शुक्रवार को 18 वर्षीय एक लड़की से कथित तौर पर बलात्कार करने और आग लगाकर उसे मार देने के मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना में बुरी तरह से झुलसी लड़की को डॉक्टरों ने शुक्रवार को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया।


चतरा के उपायुक्त जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि घटना में शामिल 14 लोगों को बीती रात से अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी धानु भुइयां सहित 6 अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान छेड़ा गया है जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए एक पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास ने घटना की कड़ी निंदा की है। दास ने एक बयान में कहा कि वे इस जघन्य घटना से हैरत में हैं और इस तरह के वीभत्स कृत्यों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है।

उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिए कि घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। भुइयां और उसके साथियों ने लड़की के घर को जला दिया। आरोपी ने इससे 1 दिन पहले उससे कथित तौर पर बलात्कार किया था। पीड़ित परिवार ने हालांकि आरोप लगाया कि आरोपियों ने 18 वर्षीय लड़की को आग लगा दी। लड़की से बलात्कार की सूचना मिलने पर चतरा जिले के इतखोरी थानांतर्गत परसोनी गांव में शुक्रवार को एक पंचायत हुई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पंचायत ने आरोपी पर 30 हजार रुपए का जुर्माना लगाया और उसे 100 उठक-बैठक करने का आदेश दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी हालांकि पंचायत का आदेश मानने की जगह अपने लोगों के साथ लड़की के घर में घुस गया और उसके माता-पिता पर हमला किया और उसे आग लगा दी।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम लड़की को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़की का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। यह पूछे जाने पर कि क्या आरोपी के साथ लड़की के संबंध थे, पुलिस ने कहा कि वह सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी