एक मंच पर दिखे शरद पवार और सीएम शिंदे, किसकी उड़ सकती है नींद?

गुरुवार, 20 अक्टूबर 2022 (08:32 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा नेता आशीष शेलार ने NCP के अध्यक्ष शरद पवार के साथ बुधवार को मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) के चुनावों की पूर्व संध्या पर आयोजित विशेष रात्रि भोज में शिरकत की।
 
इस मौके पर शिंदे ने कहा कि पवार के उनके और भाजपा नेताओं के साथ मंच साझा करने से कुछ लोगों की रातों की नींद उड़ सकती है। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन इसे पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की ओर इंगित टिप्पणी माना जा रहा है।
 
मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि पवार, फडणवीस और शेलार एक ही मंच पर... इससे कुछ लोगों की रातों की नींद उड़ सकती है। लेकिन यह राजनीति करने की जगह नहीं है। हम सभी खेल के प्रशंसक और समर्थक हैं। इसलिए हम अपने राजनीतिक मतभेदों के बावजूद खेल के विकास के लिए साथ आए हैं।
 
उल्लेखनीय है कि शरद पवार की NCP और कांग्रेस की मदद से उद्धव ठाकरे ने महाराष्‍ट्र में सरकार बनाई थी। एकनाथ शिंदे ने बगावत कर यह सरकार गिरा दी और भाजपा की मदद से खुद मुख्यमंत्री बन गए। हालांकि राज्य में उद्धव ठाकरे गुट का NCP और कांग्रेस से गठबंधन अभी भी बना हुआ है। 
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी