सलमान खान के घर गोली चलाने वाले दोनों शूटर्स गिरफ्तार

वेबदुनिया न्यूज डेस्क
मंगलवार, 16 अप्रैल 2024 (08:19 IST)
  • मुंबई क्राइम ब्रांच ने आरोपियों को भुज से किया गिरफ्‍तार
  • बिहार के पश्चिम चंपारण के रहने वाले हैं आरोपी
  • दोनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा
firing at salman khan house : अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने 2 आरोपियों विक्की गुप्ता और सागर पाल को गुजरात के भुज से गिरफ्तार कर लिया। दोनों बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के रहने वाले हैं।

ALSO READ: घर पर हुई फायरिंग के बाद सलमान खान का पहला पोस्ट, फैंस बोले- भाई का अपडेट देने का तरीका थोड़ा कैजुअल...
कच्छ-पश्चिम के उप महानिरीक्षक महेंद्र बागड़िया ने बताया कि बिहार के रहने वाले विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) को सोमवार देर रात गुजरात के कच्छ जिले के माता नो माध गांव से गिरफ्तार किया गया। 
 
उन्होंने बताया कि तकनीकी निगरानी के आधार पर कच्छ-पश्चिम और मुंबई पुलिस के संयुक्त दल ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया क्योंकि शिकायत वहां दर्ज है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पाल और गुप्ता दोनों को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह ने सलमान के घर पर गोलीबारी करने के लिए कहा था। जब पाल ने गोलीबारी की, तो गुप्ता गिरोह के सदस्यों के संपर्क में था।

दोनों शूटर्स फायरिंग के बाद भुज भाग गए थे। उन्हें गिरफ्तार कर मुंबई लाया गया है। दोनों को मंगलवार, 16 अप्रैल को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा।
 

ALSO READ: सलमान खान के घर हुई गोलीबारी पर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने जताई चिंता, पीएम मोदी से की यह अपील
मुंबई पुलिस ने सलमान खान के आवास के बाहर रविवार सुबह मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोलीबारी करने के मामले में FIR दर्ज की है। पुलिस ने बताया कि पुलिस ने अभिनेता के घर से करीब एक किलोमीटर दूर एक मोटरसाइकिल बरामद की है और ऐसा संदेह है कि हमलावरों ने इसका इस्तेमाल किया था।
 
बांद्रा पुलिस के अधिकारी के अनुसार, भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
 
खबरों के अनुसार लगातार जान से मारने की मिल रही धमकियों और फायरिंग की घटना के बाद भी सलमान खान ने अपना काम जारी रखने का फैसला किया है। उन्होंने अपनी टीम को कहा कि उनके वर्क शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं होंगे, ना ही उन्हें कैंसिल किया जाएगा।
Edited by : Nrapendra Gupta 

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख