सुनीता बनीं हिसार की पहली महिला ऑटो चालक

Webdunia
बुधवार, 12 अप्रैल 2017 (21:31 IST)
हिसार। हरियाणा के हिसार जिले की सुनीता हिसार की पहली महिला ऑटो चालक बन गई है। सुनीता से उसका पति अलग रह रहा है और उसे किसी प्रकार का खर्च भी नहीं दे रहा है। ऐसे में उसके पास अपना और बच्चों का पालन पोषण करने के लिए आमदनी का कोई जरिया भी नहीं था। 
       
डीएसपी जितेन्द्र ने बुधवार को सुनीता के ऑटो को हरी झंडी दिखाकर सवारियां ढोने के लिए रवाना किया। इस मौके पर जनवादी महिला समिति की प्रदेशाध्यक्ष शकुंतला जाखड़ समेत कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहीं। इन सभी ने सुनीता के हौसले की जमकर सराहना की।  
   
मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली तथा वर्तमान में हिसार के आजाद नगर में रह रही सुनीता से उसका पति अलग रह रहा है और उसे किसी प्रकार का खर्च भी नहीं दे रहा है। ऐसे में उसके पास अपना और बच्चों का पालन पोषण करने के लिए आमदनी का कोई जरिया भी नहीं था।
       
सुनीता ने अपने दो बच्चों का पालन पोषण करने के लिए एक पार्लर पर काम किया और उसे इसका अनुभव प्रमाण पत्र भी नहीं दिया गया। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक ऑटो चालक ने सुनीता को ऑटो चलाना सिखाया और अब वह पूर्ण रूप से ऑटो चलाना सीखने के बाद आज से खुद ऑटो चलाकर सवारियां ढोने के कार्य में जुट गई है।
             
जनवादी महिला समिति की ओर से सुनीता को विशेष तौर पर सम्मानित भी किया गया। जब सवारियां बैठाकर सुनीता का ऑटो शहर की सड़कों पर दौड़ा तो लोग भी अचंभित रह गए और जब हकीकत से रूबरू हुए तो राह चलते लोग भी उसके दृढ़ इरादों की तारीफ के पुल बांधते नजर आए। (वार्ता) (फोटो : फेसबुक) 
अगला लेख