तेजस्वी ने किया सवाल, जनता तय करे कि डुप्लीकेट मुख्यमंत्री चाहिए या ओरिजिनल

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

गुरुवार, 28 अगस्त 2025 (15:39 IST)
Tejashwi Yadav's question to the public: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर निशाना साधते हुए कहा कि अब प्रदेश के लोगों को तय करना है कि उन्हें 'डुप्लीकेट' (नकली) मुख्यमंत्री चाहिए या फिर 'ओरिजिनल' (असली) मुख्यमंत्री चाहिए।
 
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने यहां 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि उन्होंने जो भी वादे जनता के समक्ष किए, उन्हें भाजपा-जनता दल (यू) की 'नकलची सरकार' ने लागू करने की घोषणा कर दी, लेकिन उसके पास सोच और नजरिया नहीं है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार अब ऐसी स्थिति में नहीं हैं कि बिहार संभाल सकें।ALSO READ: सीतामढ़ी में राहुल गांधी बोले, बिहार में वोटर लिस्ट से हटाए 65 लाख गरीब
 
राजद नेता ने मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जाने का उल्लेख किया और कहा कि ये लोग (भाजपा) बेईमान हैं। इन लोगों को सत्ता से उखाड़ फेंकना है। यादव ने दावा किया कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की 20 साल की सरकार 'खटारा' हो चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे चाचा, जो बार-बार पलटी मारते हैं, अब उनकी यह स्थिति नहीं रह गई कि बिहार संभाल सकें। राजद नेता ने दावा किया कि बिहार में अफसरसाही लागू है। उनका कहना था कि बिहार में पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई, सुनवाई और कार्रवाई वाली सरकार चाहिए। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि वे नई सरकार बनाएं जो अपराध और भ्रष्टाचार दूर कर सके।ALSO READ: वोटर अधिकार यात्रा में शामिल हुईं प्रियंका, BJP पर लगाया पूरे देश में वोट चोरी की साजिश का आरोप
 
यादव ने कहा कि यह नकलची सरकार है। हमने जो कहा, वही यह सरकार कर रही है। ये लोग हमारी नकल कर सकते हैं, लेकिन इनके पास सोच और नजरिया नहीं है। आप लोगों को तय करना है कि नकल करने वाला 'डुप्लीकेट' मुख्यमंत्री चाहिए या फिर 'ओरिजिनल' मुख्यमंत्री चाहिए। उन्होंने कहा कि वह सत्ता में आने पर सभी वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलेंगे। लोगों को भाजपा के 'हिंदू-मुसलमान' वाले एजेंडे में नहीं फंसना है और मुद्दों की लड़ाई लड़नी है।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी