राजस्थान के कई जिलों में धूलभरी आंधी, चुरू में रिकॉर्डतोड़ गर्मी

मंगलवार, 30 मार्च 2021 (19:32 IST)
जयपुर। बदले मौसम के बीच राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित अनेक जिले मंगलवार दोपहर को आंधी की चपेट में आए, जहां 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार की धूलभरी हवाएं चल रही हैं। वहीं बीते 24 घंटे में चुरू में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस शहर में मार्च महीने का अब तक का रिकॉर्ड तापमान है।
 
मंगलवार दोपहर बाद आई आंधी ने राजधानी जयपुर सहित जैसलमेर, बीकानेर व जोधपुर सहित अनेक जिलों को अपनी आगोश में ले लिया। इससे लोगों को गर्मी से तो थोड़ी राहत मिली लेकिन तेज हवा के साथ उड़ती रेत से लोग खासे परेशान हुए।

ALSO READ: जयपुर सहित राजस्थान के कई शहरों में धूलभरी आंधी
इस आंधी से अभी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, पाली, जयपुर, दौसा, अलवर, सवाई माधोपुर, भरतपुर, धौलपुर जिलों व इन जिलों के आसपास के क्षेत्र में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार की धूलभरी हवाएं/ 50 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार तक की आंधी जारी रहने की संभावना है।
 
इस बीच पिछले 24 घंटों में चुरू सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 8.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार यह चुरू में सोमवार यानी 29 मार्च को मापा गया मार्च के माह में अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान है। इससे पहले 31 मार्च 2017 को मार्च माह में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी