कार की बोनट पर फंसे पुलिस कर्मी को 20 किलोमीटर तक घसीटा

रविवार, 16 अप्रैल 2023 (10:43 IST)
ठाणे। महाराष्ट्र के नवी मुंबई शहर में यातायात पुलिस कर्मी ने एक कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन नशे में चालक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे कर्मी कार के बोनट पर फंस गया और करीब 20 किलोमीटर तक घसीटता चला गया। 
 
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर डेढ़ बजे वाशी इलाके में हुई, जब 37 वर्षीय पुलिस नाइक सिद्देश्वर माली केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा बंदोबस्त ड्यूटी पर थे।
 
वाशी थाने के एक अधिकारी के अनुसार, माली कोपरखैरणे-वाशी मार्ग पर ड्यूटी पर थे, जब उन्होंने और एक अन्य यातायात पुलिस कर्मी ने इस शक में कार को रोकने की कोशिश की कि उसके चालक ने मादक पदार्थ का सेवन किया हुआ है। 2 यातायात पुलिस कर्मियों ने कार चालक की जांच करने की कोशिश की, लेकिन उसने माली पर कार चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे वह गाड़ी के बोनट पर फंस गए।
 
प्राथमिकी के मुताबिक, माली बोनट पर खतरनाक तरीके से फंस गए और उन्होंने अपने हाथों से गाड़ी को पकड़ लिया। इसमें कहा गया है कि आरोपी गाड़ी को रोकने के बजाय उसे मौके से 20 किलोमीटर दूर गव्हन फाटा तक ले गया। यहां यातायात कर्मी वाहन से गिर गया। बाद में कुछ अन्य पुलिस कर्मियों ने कार चालक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
 
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी