महिला ने शौचालय में जन्मा बच्चा, रोने पर कुछ ही मिनटों में ली जान

मंगलवार, 25 अप्रैल 2023 (11:49 IST)
Kolkata crime news: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में स्थित कस्बा इलाके में एक महिला ने अपने घर के शौचालय में एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के कुछ मिनटों बाद ही महिला ने उसकी हत्या कर दी।
 
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना 22 अप्रैल की है जब महिला शौचालय गई और एक बच्चे को जन्म देने के बाद उसने उसके रोने की आवाज सुनने के बाद घबराकर उसे खिड़की से बाहर फेंक दिया।
 
उन्होंने बताया कि महिला ने दावा किया कि उसे यह मालूम नहीं था कि वह गर्भवती है क्योंकि पिछले कुछ महीनों से उसे माहवारी नियमित रूप से हो रही थी। शनिवार को उसने एक लड़के को जन्म दिया। उसने दावा किया कि वह बच्चे के रोने की आवाज सुनकर घबरा गई थी और उसने खिड़की का शीशा तोड़कर बच्चे को बाहर फेंक दिया।
 
स्थानीय लोग खिड़की का शीशा टूटने की आवाज सुनने के बाद मौके पर पहुंचे और उन्होंने नवजात को देखा तथा कस्बा थाने में इसकी सूचना दी। महिला लहूलुहान हालत में मिली। उसे तथा उसके बच्चे को एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। अगली सुबह बच्चे की मौत हो गई।
 
शुरुआती जांच में पता चला कि मानसिक बीमारी से जूझ रही महिला ने पिछले साल नवंबर में शादी की थी। उसका पति शराब का आदी था। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी