- धान की सरकारी बिक्री के लिए पौने 2 माह में 1.37 लाख से अधिक किसानों ने करा लिया पंजीकरण
- योगी सरकार ने 4000 क्रय केंद्र स्थापित करने का रखा लक्ष्य, 3790 केंद्रों से की जा रही खरीद
- अभी पश्चिम यूपी में हो रही खरीद, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 नवंबर से होगी धान की खरीद
- 2369 रुपए कॉमन तथा 2389 रुपए (ग्रेड-ए) प्रति क्विंटल से हो रही खरीद
Uttar Pradesh News : योगी सरकार की नीतियों को अन्नदाता किसानों का साथ मिल रहा है। आंकड़े इसकी गवाही दे रहे हैं। खरीद सत्र 2025-26 में धान बिक्री के लिए पहली सितंबर से किसानों द्वारा पंजीकरण शुरू किया गया। 23 अक्टूबर (सुबह 12 बजे) तक 1,37,166 किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। वहीं योगी सरकार ने 4000 क्रय केंद्र खोलने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 3790 क्रय केंद्र स्थापित हो गए हैं। यह केंद्र किसानों के लिए काफी लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर यह खरीदारी कर रही है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 दिन में 35.63 हजार मीट्रिक टन से अधिक हुई खरीद
पहली अक्टूबर से पश्चिम उत्तर प्रदेश के मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली,आगरा, अलीगढ़, झांसी संभाग में खरीद हो रही है। वहीं लखनऊ संभाग के हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर जनपद में भी धान खरीद हो रही है। योगी सरकार ने 60 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा है। 23 दिन में इन संभागों में 35.63 हजार मीट्रिक टन से अधिक की खरीद की जा चुकी है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश व लखनऊ संभाग के इन जनपदों में 1 नवंबर से शुरू होगी खरीद
पूर्वी उत्तर प्रदेश के संभागों में पहली नवम्बर से धान खरीद होगी। यह खरीद पूर्वी उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर व प्रयागराज संभाग में होगी। इसके साथ ही लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली व उन्नाव में भी पहली नवंबर से खरीद होगी, जो 28 फरवरी 2026 तक चलेगी।
Edited By : Chetan Gour