बैडमिंटन में 2 और स्वर्ण, भारत ने 72 पोडियम स्थान पर समाप्त किया अभियान

शनिवार, 13 अक्टूबर 2018 (18:05 IST)
जकार्ता। भारत ने  2 और स्वर्ण, कुछ रजत और कुछ कांस्य पदक अपने नाम कर 2018 एशियाई पैरा खेलों में कुल 72 पोडियम स्थान से अभियान समाप्त किया। 
 
 
भारत 15 स्वर्ण, 24 रजत और 33 कांस्य पदक से कुल 72 पदक से तालिका में 9वें स्थान पर काबिज रहा। वर्ष 2014 में पिछले चरण में भारत ने 33 पदक अपने नाम किए थे जिसमें 3 स्वर्ण, 14 रजत और 16 कांस्य पदक शामिल थे। 
 
पुरुषों के एकल एसएल 3 क्लास बैडमिंटन में भारत के प्रमोद भगत ने इंडोनेशिया के उकुन रूकाएंडी को 21-19, 15-21, 21-14 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। 
 
पैरा शटलर तरूण ने प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारत की झोली में 1 और स्वर्ण पदक डाला। उन्होंने पुरुष एकल एसएल 4 क्लास में चीन के युयांग गाओ को 21-16, 21-6 से शिकस्त दी। 
 
चीन 172 स्वर्ण, 88 रजत और 59 कांस्य हासिल कर तालिका में शीर्ष पर था जबकि दक्षिण कोरिया (53 स्वर्ण, 25 रजत और 47 कांस्य) और ईरान (51, 42, 43) उसके बाद रहे। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी