भारतीय हॉकी कोच ने जताया भरोसा, हर टीम के खिलाफ होगा 100 फीसदी प्रदर्शन

मंगलवार, 17 जुलाई 2018 (15:41 IST)
बेंगलुरु। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच हरेंद्र सिंह और महिला टीम के कोच शुअर्ड मरीने ने अगस्त में इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबांग में होने वाले एशियाई खेलों में अच्छे प्रदर्शन का भरोसा जताते हुए कहा है कि वे टूर्नामेंट में किसी टीम को भी हल्के में नहीं लेंगे और शत-प्रतिशत प्रदर्शन करेंगे।


पीआर श्रीजेश की कप्तानी वाली पुरुष हॉकी टीम 18वें एशियाई खेलों में हांगकांग के खिलाफ और रानी की अगुवाई वाली महिला हॉकी टीम कजाखिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत के पूल ए में कोरिया, जापान, श्रीलंका और हांगकांग है, जबकि भारतीय महिलाएं पूल बी में शामिल हैं जहां कजाखिस्तान, कोरिया और थाईलैंड हैं।

बेंगलुरु के साई सेंटर में अभ्यास कर रही पुरुष हॉकी टीम के कोच हरेंद्र ने टीम के अच्छे प्रदर्शन का भरोसा जताते हुए कहा हम टूर्नामेंट में गत चैंपियन हैं, लेकिन किसी भी टीम को कम नहीं आंकेंगे। मेरे लिए यह आसान ग्रुप नहीं है हमें हांगकांग, चीन और श्रीलंका से भी सतर्क रहना होगा। जापान एशिया की उभरती हुई टीम है और उलटफेर कर सकती है।

उन्होंने कहा, कोरिया भी मजबूत टीम है और रक्षात्मक खेलती है। हमने उनके मैच करीब से देखे हैं। भारत ने 2014 एशियाड में पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण जीता था और 2016 रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया था, लेकिन इस बार भारतीय पुरुष टीम के सामने 2020 टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने की चुनौती होगी। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी