रियो में महिला हॉकी टीम का नेतृत्व सुशीला को

बुधवार, 13 जुलाई 2016 (09:06 IST)
नई दिल्ली। डिफेंडर  सुशीला चानू रियो डि जनेरियो में 5 से 21 अगस्त तक होने वाले आगामी ओलंपिक खेलों में 16 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की अगुआई करेंगी। हॉकी इंडिया ने सुशीला को रितु रानी की जगह टीम का कप्तान नियुक्त किया जिन्हें चयनकर्ताओं ने खराब फॉर्म और रवैए की समस्या के कारण टीम से बाहर कर दिया।
रक्षा पंक्ति में सुशीला की साथी दीपिका खेलों के दौरान उप कप्तान होंगी। टीम में पांच डिफेंडर, पांच मिडफील्डर, पांच फारवर्ड और सिर्फ एक गोलकीपर सविता को शामिल किया गया है। डिफेंस में टीम के पास दीपिका, सुनीता लाकड़ा, नमिता टोप्पो और दीप ग्रेस एक्का जैसी अनुभवी खिलाड़ी हैं।
 
मिडफील्ड में रेणुका, लिलिमा मिंज, मोनिका, नवजोत कौर और युवा निक्की प्रधान को शामिल किया गया है जबकि अग्रिम पंक्ति में रानी रामपाल, पूनम रानी, वंदना कटारिया, अनुराधा देवी थोकचोम और प्रीति दुबे जिम्मेदारी संभालेंगी।
 
महिला टीम में भी डिफेंडर हनियालुम लाल रूआत फेली और गोलकीपर रजनी एटिमारपू के रूप में दो रिजर्व खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने पिछले 36 साल में पहली बार ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया है। टीम ने 2015 में विश्व हाकी लीग सेमीफाइनल के जरिए क्वालीफाई किया था। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें