भारतीय टीम ने द.अफ्रीका को उसी के घर में 10-2 से हराकर किया शर्मसार

Webdunia
गुरुवार, 10 फ़रवरी 2022 (16:12 IST)
पोटचेफस्ट्रूम:टोक्यो ओलंपिक खेलों की कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार को यहां दक्षिण अफ्रीका को 10-2 से रौंद कर एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021-22 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

जुगराज सिंह ने लगाई हैट्रिक

अपना दूसरा अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे युवा भारतीय ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह ने गोलों की हैट्रिक लगा कर टीम को यह बड़ी जीत दिलाई। उन्होंने चौथे, छठे और 23वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए तीन गोल दागे। उनके अलावा युवा फॉरवर्ड गुरसाहिबजीत सिंह (24, 36) और दिलप्रीत सिंह (25, 58) ने दो-दो, जबकि अनुभवी फॉरवर्ड मनदीप सिंह (27), युवा डिफेंडर अभिषेक लाकड़ा (12) और उप कप्तान हरमनप्रीत सिंह (2) ने एक-एक गोल किया।

भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। हरमनप्रीत ने दूसरे ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल का खाता खोला। चौथे मिनट में मिले एक और पेनल्टी कॉर्नर को जुगराज ने गोलपोस्ट में भेजा और महज चार मिनट में ही 2-0 की बढ़त ले ली। फॉर्म में दिख रहे जुगराज यहीं नहीं रुके और छठे मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर बढ़त को 3-0 कर दिया। इसके बाद अभिषेक ने 12वें मिनट में शानदार फील्ड गोल दाग कर पहले क्वार्टर का 4-0 के मजबूत स्कोर पर समापन किया।

ALSO READ: बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर के लिए वोटिंग शुरू

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख