शेयर बाजार में कैसी रही निवेशकों की दिवाली, सेबी ने कसा म्यूचुअल फंड्स पर शिकंजा

नृपेंद्र गुप्ता

शनिवार, 25 अक्टूबर 2025 (15:25 IST)
Share market review Market ki Baat : भारतीय शेयर बाजार के लिए दीपावली वाला हफ्ता भी अच्छा रहा। हफ्ते में केवल 4 दिन कारोबार हुआ इसमें भी एक दिन मुर्हूत ट्रेडिंग थी। शेष 3 में से 2 दिन बाजार हरे निशान में बंद हुआ। इस तरह पिछले हफ्ते में सेंसेक्स 259 अंक बढ़ा जबकि निफ्टी में 89 अंकों की बढ़त दिखाई दी। जानिए मार्केट ट्रेड और निवेशकों के लिए कैसा रहेगा अगला सप्ताह।
 
कैसी रही सेंसेक्स और निफ्टी की चाल : 20 अक्टूबर को सेंसेक्स 411 अंक चढ़कर 84,363.37 पर बंद हुआ। निफ्टी-50 भी 133 अंक की बढ़त के साथ 25,843 पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयर में जोरदार तेजी और सरकारी बैंकिंग शेयरों में बढ़त से बाजार चढ़कर बंद हुआ। 21 अक्टूबर को मुर्हूत ट्रेडिंग में शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुआ। सेंसेक्स 63 अंक की तेजी के साथ 84,426 पर बंद हुआ। निफ्टी 26 अंक की तेजी के साथ 25,869 पर जा पहुंचा।
 
22 अक्टूबर को दीपावली के अवसर पर शेयर बाजार बंद रहे। 23 अक्टूबर को सेंसेक्स 130 अंक बढ़कर 84,556 अंक पर बंद हुआ वहीं निफ्टी भी 20 अंकों की बढ़त के साथ 25,889 पहुंच गया। 24 अक्टूबर को शेयर बाजार में निवेशकों ने मुनाफा वसूली की। सेंसेक्स 345 अंकों की गिरावट के साथ 84,212 पर था तो निफ्टी भी 96 अंक गिरकर 25,795 पर बंद हुआ।
 
इन फैक्टर्स से तय हुई बाजार की चाल : भारतीय शेयर बाजारों में तेजी घरेलू कारणों के साथ ही वैश्विक स्तर पर आई सकारात्मक खबरों के कारण भी है। ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से निवेशकों का बाजार में विश्वास मजबूत हुआ। निवेशकों ने सोने चांदी की अपेक्षा शेयरों में निवेश किया। मंगलवार को मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान बाजार का सकारात्मक बंद होना भारतीय स्टॉक मार्केट की स्थिरता को दिखाता है। हफ्ते के आखिरी दिन बैंकिंग शेयरों में गिरावट से बाजार लाल निशान में बंद हुआ।
 
प्री आईपीओ निवेश नहीं खरीद पाएंगे म्यूचुअल फंड्स : SEBI ने म्यूचुअल फंड्स को प्री-आईपीओ में सीधे निवेश से रोक दिया है। अब म्यूचुअल फंड्स केवल IPO के एंकर हिस्से या सार्वजनिक हिस्से में निवेश कर सकते हैं। म्यूचुअल फंड्स सिर्फ ऐसे शेयरों में निवेश कर सकेंगे जो पहले से लिस्टेड हों या जल्द ही लिस्टेड होने वाले हों। अनलिस्टेड शेयरों में म्यूचुअल फंड्स का निवेश नियामक के नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।
 
क्या कहते हैं एक्सपर्ट : बाजार एक्सपर्ट मनीष उपाध्याय ने कहा कि पिछले हफ्ते शेयर बाजार रेंज बाउंड रहा। शुक्रवार को बाजार में 3 दिन मुनाफा वसूली दिखाई दी। निवेशकों का रुझान सोने चांदी से हटकर फिर शेयरों में बढ़ा है। रियलिटी, ऑटो, बैंकिंग आदि सेक्टर्स में तेजी रहेगी। कंपनियों की सेल्स रिपोर्ट भी बाजार पर सकारात्मक असर डालेगी। आने वाले हफ्ते में सेंसेक्स में 600 से 700 और निफ्टी में 200 से 300 अंकों की बढ़त दिखाई दे सकती है।
अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी