अडाणी समूह की ज्यादातर कंपनियों के शेयर नुकसान में

शुक्रवार, 24 फ़रवरी 2023 (21:04 IST)
नई दिल्ली। शेयर बाजार में गिरावट के रुख के बीच अडाणी समूह की ज्यादातर कंपनियों के शेयर शुक्रवार को भी नुकसान में बंद हुए। बीएसई में दिन के कारोबार के अंत में अडाणी ट्रांसमिशन के शेयरों में 5 प्रतिशत, अडाणी ग्रीन एनर्जी में 5 प्रतिशत, अडाणी टोटल गैस में 8 प्रतिशत और अडाणी एंटरप्राइजेज में 4.98 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आई है।
 
अडाणी पावर के शेयर में 4.98 प्रतिशत, अडाणी विल्मर के शेयरों में 3.35 प्रतिशत और एनडीटीवी के शेयरों में 4.05 प्रतिशत की गिरावट आई। हालांकि, अंबुजा सीमेंट्स 2.45 फीसदी, अडाणी पोर्ट्स 1.24 फीसदी और एसीसी (0.03 फीसदी) के शेयर चढ़े।
 
समूह की 10 सूचीबद्ध कंपनियों में से आठ कंपनियों के शेयर बृहस्पतिवार को घाटे में बंद हुए थे। इससे पहले बुधवार को अडाणी समूह की सभी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 141.87 अंकों या 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,463.93 पर बंद हुआ।
 
एलआईसी को भी लगा झटका : हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आई है। कंपनी की मार्केट वैल्यू 70 प्रतिशत तक गिर गई है। निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस मुश्किल घड़ी में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को भी अडाणी मामले में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट खासी महंगी पड़ गई। अडाणी ग्रुप में किए गए निवेश पर मात्र 1 माह में कंपनी को करीब 50,000 करोड़ का नुकसान हुआ।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी