संसद का बजट सत्र 29 जनवरी से 8 अप्रैल तक, 1 फरवरी को पेश होगा आम बजट

शुक्रवार, 15 जनवरी 2021 (00:04 IST)
नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र 29 जनवरी से 8 अप्रैल तक चलेगा और आम बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बजट सत्र की शुरुआत 29 जनवरी को संसद के केन्द्रीय कक्ष में दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन में राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ होगी। उसी दिन आर्थिक सर्वेक्षण आएगा।

पहला भाग 15 फरवरी तक चलेगा। इसके पश्चात आठ मार्च से आठ अप्रैल तक दूसरा भाग होगा। सूत्रों के अनुसार सात मार्च तक विभिन्न मंत्रालयों पर संसदीय स्थाई समितियां अनुदान मांगों पर चर्चा करके रिपोर्ट तैयार करेंगी।

गौरतलब है कि कोविड-19 महामारी के कारण संसद के मानसून सत्र में लोकसभा एवं राज्यसभा में कार्यवाही पारियों में चली थी। सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक राज्यसभा तथा अपराह्न तीन बजे से सात बजे तक लोकसभा की कार्यवाही चली थी।

सूत्रों ने कहा कि बजट सत्र के दौरान उसी व्यवस्था को बनाए रखने या नई व्यवस्था बनाने के बारे में उच्च स्तर पर विचार विमर्श किया जा रहा है।(वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी