लखनऊ में अमित शाह बोले-कैराना से पलायन पर मेरा खून खौला

शुक्रवार, 29 अक्टूबर 2021 (13:15 IST)
लखनऊ। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा की सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यूपी में कई वर्षों तक सपा-बसपा का खेल चलता रहा, उसने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया था। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति देखकर खून खौलता था। कैराना से हिंदुओं के पलायन पर मेरा खून खौला। पलायन करने वालों का पलायन हो गया।

गृहमंत्री शाह ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपनी पहचान वापस दिलाने का काम किया है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को देश का सबसे प्रमुख राज्य बनाने की दिशा में काम किया है। भाजपा ने सिद्ध किया है कि सरकारें परिवार के लिए नहीं, बल्कि सूबे के गरीब से गरीब व्यक्ति के लिए होती है।
 
अमित शाह ने कहा कि सदस्यता अभियान 29 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलेगा। यूपी में 53% आबादी युवा है, युवाओं, गरीबों, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों को पार्टी के साथ जोड़ने का कार्य भाजपा करेगी।
 
उन्होंने कहा कि बाकी सभी राजनीतिक पार्टियों के लिए चुनाव सत्ता हथियाने का जरिया है। भाजपा के कार्यकर्ता के लिए चुनाव पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का चुनाव है। जनता की समस्या को जानने का चुनाव है। सरकार के किए हुए कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का चुनाव है।
 
अमित शाह ने कहा कि अखिलेश जी ये हिसाब उत्तर प्रदेश की जनता को दीजिए कि पिछले 5 साल में आप विदेश कितने दिन रहे? बीते दिनों कोरोना आया, यूपी में बाढ़ आई, आप कहां थे? इन्होंने शासन स्वयं के लिए, परिवार के लिए और अपनी जाति के लिए किया है, इसके अलावा किसी के लिए शासन नहीं किया।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी