राजनाथ बोले, यूक्रेन और रूस में चल रहे युद्ध में भारत शांति का पक्षधर

रविवार, 27 फ़रवरी 2022 (16:04 IST)
बलिया। रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध में भारत शांति का पक्षधर है।
 
रविवार को बलिया जिले के बैरिया विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी जनसभा में राजनाथ सिंह ने यूक्रेन व रूस में चल रहे युद्ध की चर्चा करते हुए कहा कि भारत शांति का पक्षधर है। उन्होंने कहा कि रक्षा के मामले में भारत आत्मनिर्भर बनेगा और आगामी दस साल में ऐसे हालात हो जायेंगे कि भारत युद्ध सामग्रियों का आयातक देश होने के बजाय निर्यातक देश हो जायेगा।
 
रक्षा मंत्री ने कहा कि यूक्रेन मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है, भारत शांति का पुजारी है और भारत ने कभी भी किसी दूसरे देश पर आक्रमण नहीं किया और न ही किसी दूसरे देश की भूमि पर कब्जा किया है। 
 
उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान में सर्जिकल और एयर स्ट्राइक के बाद कमजोर भारत की छवि दुनिया भर में बदली है और भारत की ताकत बढ़ी है तथा दुनिया में अब सन्देश चला गया है कि भारत को अब कोई छेड़ेगा तो भारत उसे नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहले लोग यहां कट्टे बनाते थे लेकिन अब ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण उत्तर प्रदेश में होगा।
 
भाजपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में जनता एक नया इतिहास लिखने जा रही है और राजनीतिक विश्लेषक भी इस नतीजे पर पहुंच गए हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी