नवरात्रि पर अखंड रामायण कराएगी योगी सरकार, हर जिले को मिलेंगे 1 लाख

मंगलवार, 14 मार्च 2023 (10:49 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चैत्र नवरात्रि पर योगी सरकार ने रामायण और दुर्गा सप्तशती का पाठ करवाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सभी जिलों के कलेक्टरों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं। आयोजनों के लिए सरकार की तरफ से हर जिले को 1 लाख रुपए का फंड दिया जाएगा।
 
प्रदेश सरकार जिलों के देवी मंदिरों व शक्तिपीठों में दुर्गा सप्तशती का पाठ और देवी जागरण का कार्यक्रम कराएगी। साथ ही झांकियों और अखंड रामायण पाठ का भी आयोजन किया जाएगा।
 
बताया जा रहा है कि जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर अखंड पाठ के आयोजन होंगे। योगी सरकार ने जिले के अधिकारियों को 21 मार्च तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इन आयोजनों में महिलाओं की सहभागिता को लेकर विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
 
आदेशों में कहा गया है कि जिले के जिन मंदिरों में ये सरकारी आयोजन होंगे, उनका नाम पता और अन्य जानकारियां जिला प्रशासन को जुटानी होगी। आयोजन के फोटो और वीडियो भी संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर डाले जाएंगे।
 
उल्लेखनीय है कि चैत्र नवरात्रि 22 मार्च से शुरू हो रही है जो कि 30 मार्च रामनवमी तक चलेगी। नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा होती है। इन दिनों रामायण पाठ भी किया जाता है। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी