मेरठ में युवक ने पत्‍नी और 3 बच्चों की गला घोटकर की हत्‍या, खुद को लगाई फांसी

हिमा अग्रवाल
गुरुवार, 10 दिसंबर 2020 (22:45 IST)
मेरठ। मेरठ में एक शख्स ने अपनी पत्नी और 3 बच्चों को मौत की नींद सुलाकर खुद भी सुसाइड कर लिया। एक घर में 5 शवों के मिलने से सनसनी फैल गई है। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर एक सुसाइड नोट बरामद किया है। पुलिस घटना की पड़ताल में जुट गई है और शवों को पीएम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में गृह क्लेश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है।
ALSO READ: उत्‍तर प्रदेश में 13 वर्षीय लड़की से दुष्‍कर्म, गला दबाकर की हत्‍या
मामला मेरठ के थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र के कसयावन मोहल्ले का है, जहां पर गृह क्लेश के चलते 37 वर्षीय रहीस ने अपने 3 बच्चों और पत्नी को गला दबाकर मौत की नींद सुला दिया। परिवार की जान लेने के बाद उसने फांसी लगाकर खुद भी जान दे दी। इस वारदात से किला परीक्षितगढ़ में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई।
 
मौके पर मिले सुसाइड नोट में रहीस ने लिखा था कि वह गृह क्लेश के चलते यह कदम उठा रहा है। उसकी पत्नी से उसका अक्सर विवाद रहता था। उसकी मौत के बाद परिवार के किसी भाई-भाभी या अन्य किसी सदस्य को परेशान न किया जाए।
 
गुरुवार की दोपहर 2 बजे से रहीस के घर का दरवाजा बंद था। शाम तक घर से जब कोई आवाजाही नहीं हुई तो आसपास लोगों ने घर का दरवाजा खटखटाया। भीतर से कोई आवाज न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा खोला गया तो रहीस फांसी पर लटका हुआ था और उसकी पत्नी, 2 बेटे और 1 बेटी का गला घोंटा गया था। मौके पर फॉरेंसिक व पुलिस टीम अपनी जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और सभी तथ्यों पर बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। साथ ही पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की बारीकी से छानबीन की जा रही है, वहीं पोस्टमार्टम आने के बाद ही स्पष्ट रूप से खुलासा हो पाएगा।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख