Web Viral: हरे मटर के शौकीनों सावधान! केमिकल में डालकर पीले मटर को हरा करने का वीडियो हुआ वायरल

बुधवार, 4 जुलाई 2018 (12:45 IST)
अगर आप भी हरे मटर के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए है। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि सूखे पीले मटर को केमिकल में डालकर हरा रंग दिया जा रहा है। किसी की जान के साथ खिलवाड़ न हो इस उद्देश्य से लोग धड़ाधड़ शेयर किए जा रहे हैं। हालांकि, हम वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं।
 
क्या है वायरल वीडियो में..
 
वायरल वीडियो में एक खेत दिख रहा है, जिसमें एक सीमेंट मिक्सर नजर आ रहा है। इसके एक तरफ बोरों और टोकरियों में पीले दाने दिख रहे हैं, जिसे पीले मटर होने का दावा किया जा रहा है। एक आदमी टोकरियों में रखे दाने उठाकर मिक्सर में डालता है और फिर उसमें रंग जैसा कुछ डालता है। धीरे-धीरे मिक्सर में दाने हरे रंग के हो जाते हैं। उसके बाद दानों को मिक्सर से निकालकर एक जगह बिखेर दिया जाता है।
 

आजकल खाने-पीने की चीजों में मिलावट आम बात हो गई है। यह मिलावट एक तरह से धीरे-धीरे दी जाने वाले जहर के समान ही है, जो अंत में व्यक्ति की जान ले लेता है। तो आइए जानते है खाने की चीजों में मिलावट को पहचानने के 10 तरीके..
 
1. लाल मिर्च में मिलावट के तौर पर ईंट या कबेलू का बारीक पिसा हुआ पाउडर प्रयोग किया जाता है, जिसमें कृत्रिम रंग भी मिला हुआ होता है। इसमें मिलावट की जांच के लिए पानी में डालकर देखा जा सकता है। अगर लाल मिर्च पाउडर पानी में तैरता नजर आए तो वह शुद्ध है, लेकिन यदि वह डूब जाए तो आप समझ लीजिए कि वह मिलावटी है।
 
2. हल्दी पाउडर में मेटानिल येलो नामक रसायन मौजूद होता है, जो आपको कैंसर जैसी बीमारी का शिकार बना सकता है। इसे परखने के लिए हल्दी पाउडर में कुछ बूंद हाइड्रोक्लोरिक एसिड और उतनी बूंदे पानी की डालकर देखें। अगर हल्दी का रंग गुलाबी या बैंगनी हो जाए, तो समझ लीजिए कि हल्दी में मिलावट है।
 
3. दालचीनी में मि‍लावट के तौर पर अमरूद की छाल मिलाई जाती है। इसकी पहचान करने के लि‍ए इसे हाथ पर रगड़कर देखें, अगर आपको इसका रंग नजर आए, तो यह असली है, अन्यथा नकली।
 
4. मावे की जांच के लिए सैंपल लेकर टेस्‍ट ट्यूब में भरें और उसमें 20 एमएल पानी डाल कर उबालें। ठंडा होने पर इसमें दो बूंद आयोडीन डालें। अगर सैंपल का रंग नीला हो जाए तो इसमें स्‍टार्च मिला हुआ है।
 
5. दूध में पानी की मिलावट को परखने के लिए किसी चिकनी सतह पर दूध की कुछ बूंदें गिराएं। अगर यह बूंदें बगैर निशान छोड़े तेजी से आगे बह जाए, तो इसमें पानी मिला हुआ है। वहीं दूध अगर शुद्ध होगा तो वह धीरे-धीरे बहेगा और सफेद धब्बा छोड़ जाएगा।
 
6. काली मिर्च में पपीते के बीजों को काले रंग में रंगकर मिला दिया जाता है। ऐसा करने से इनका वजन अधिक हो जाता है और आपको कम मात्रा में देकर ज्यादा पैसे कमाए जा सकते हैं। इसे परखने के लिए पानी या शराब में डालें। अगर यह तैरते दिखाई दें, तो यह नकली हैं और अगर डूब जाए तो असली हैं।
 
7. सरसों के दानों या राई में अर्जेमोने के बीज मिलाकर वजन को बढ़ाया जाता है। लेकिन इसकी परख आप आसानी से कर सकते हैं। सरसों के बीजों को दबाकर देखने पर पीला पदार्थ निकलता है जबकि अर्जेमोने के बीजों को दबाने पर सफेद।
 
8. हरे मटर के दानों को अत्यधिक हरा दिखाने के लिए इसमें मेलाकाइट ग्रीन को मिलाया जाता है। लेकिन यह सेहत के लिए हानिकारक होता है। इसकी पहचान के लिए मटर के दानों को कुछ समय तक पानी में मिलाकर रखें, अगर यह हरा रंग छोड़ने लगे, तो समझि‍ए इसमें मिलावट है।
 
9. चावल में प्लास्ट‍िक और आलू से बने नकली चावलों की मिलावट होती है। यह शरीर में जाकर पाचन संबंधी समस्याओं सहित कई तरह की परेशानियां पैदा करते हैं। इसकी पहचान के लिए इन्हें उबलते वक्त देखें, यह अलग तरह की गंध पैदा करते हैं।
 
10. फलों में वैसे तो रसायनों की मिलावट होती ही है, लेकिन खासतौर से अगर आप सेब का प्रयोग करते हैं, तो उसपर चढ़ी हुई मोम की परत को पहले जांच लें। यह सेब को चमकदार दिखाने के लिए होती है। लेकिन चाकू की सहायता से खुरचने पर आप इसे देख पाएंगे।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी