बत्ती गुल (08 दिसंबर 2011)

वाय धीस कोलावेरी, कोलावेरी, कोलावेरी डी...आ डी। आप सोच रहे होंगे आज मुझे हुआ क्या है? लोगों की बत्ती गुल की बजाय मैं यह इंडियन आइडियल के ऑडिशन्स की तैयारी क्यों कर रही हूँ। अरे भाई, मैं बत्ती गुल ही कर रही हूँ, पर क्या करूँ! आपकी ही तरह इस गाने का जादू मुझ पर भी चढ़ गया है। आज-कल यह गाना सभी की जुबान पर चढ़ गया है। अजी जुबान ही क्या मोबाइल पर भी चढ़ गया है। जिसे देखो यही गाना बजा रहा है, मोबाइल पर। तो हमने सोचा जिस गाने को आप इतना सुन रहे हैं, उसी पर आपसे सवाल किया जाए। क्यों कैसा रहा आइडिया?

प्रश्न : कोलावेरी डी के गायक का नाम क्या है?
ऑप्शन : जरूरत है क्या?

ND
यूनिवर्सिटी कैम्पस में परीक्षा देकर छूटे कुछ विद्यार्थियों का समूह दिखाई दिया। सबसे पहले हमने बात की मोनल अग्रवाल से। यह तो बत्ती गुल का नाम सुनते ही उछलने लगी और प्रश्न सुनकर तो कुछ ज्यादा ही उछलने लगी। प्रश्न खत्म होने की देर थी कि इन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। धनुष, धनुष। धनुष ने गाया है कोलावेरी डी। वो एक्टर भी है और उसे बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला है। बस-बस, जल गई आपकी बत्ती।

ND
अब बारी आई अर्जुन सैनी की। अमम.. रजनीकांत के दामाद ने गाया है इसे। हाँ, धनुष नाम है उसका। धनुष ने ही गाया है कोलावेरी डी। फेसबुक पर काफी चल रहा है यह। मैंने भी वहीं पहली बार यह गाना सुना था। उसके बाद तो हर जगह इसकी धूम है ही। खासकर रजनीकांत के दामाद ने इसे गाया है, यह तो सभी को पता है। बधाई हो अर्जुन, रजनीकांत के दामाद साहब ने आपकी बत्ती जला दी।

ND
अब आगे आई ममता। हाँ तो ममता, आपको पता है कोलावेरी डी गाने के गायक का नाम क्या है? नहीं हमें नहीं पता... क्यों यह तो बहुत फेमस गाना है, आपने नहीं सुना क्या? हाँ, सुना तो है, पर ज्यादा नहीं सुना और उसके बारे में इतना पता भी नहीं है। अच्छा कोई नाम यूँ ही बता दीजिए। नहीं, जब कुछ पता ही नहीं तो क्या बताऊँ। चलिए कोई बात नहीं। हद हो गई भई। यह गाना इतना हिट हुआ है कि आज बच्चे-बच्चे की जबान पर है और इन्हें पता तक नहीं।

ND
इन सबसे पीछे खड़े थे दीपक व्यास। दीपक आप बत्ती गुल का हिस्सा बनेंगे? प्रश्न क्या है? कोलावेरी डी के सिंगर का नाम क्या है? अरे इसे तो वह रजनीकांत के दामाद ने गाया है। क्या नाम है उसका... हाँ, धनुष। नेट पर सर्च किया? नहीं, दोस्तों के जरिए ही पता लगा था उसके बारे में। गाया वाकई बहुत बढ़िया है। ओह कोलावेरी का एक और फैन... आपकी बत्ती भी जल गई महाशय।

ND
आखरी में अपनी बारी के इंतजार में खड़े थे रोहन शर्मा। यह तो मेरा ध्यान इनकी ओर जाने का इंतजार कर रहे थे। इनकी ओर देखते ही यह शुरू हो गए। धनुष ने गाया है कोलावेरी डी। यह तमिल फिल्म थ्री का गाना है। सुना है इसमें रजनीकांत भी गेस्ट अपीरियंस में हैं और इसका साउंड कंपोजर अनिरुद्ध, वह भी तो रजनीकांत का रिश्तेदार ही है। अरे बस कीजिए भाई, हमने सिर्फ गायक का नाम पूछा न कि पूरी फिल्मोग्राफी।

कोलावेरी डी के गायक का नाम धनुष ही है।

- आरती मंडलोई

वेबदुनिया पर पढ़ें