विश्व हिन्दी सम्मेलन में वेबदुनिया की प्रदर्शनी

मंगलवार, 8 सितम्बर 2015 (17:05 IST)
दसवां विश्व हिन्दी सम्मेलन मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित होने जा रहा है। इस अवसर पर सम्मेलन स्थल पर 'हिन्दी : कल, आज और कल' विषय पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इसमें भारतीय भाषाओं में सूचना प्रौद्योगिकी के लिए काम करने वाली कंपनी वेबदुनिया को भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया है।
वेबदुनिया की ओर से इस अवसर पर 'सूचना प्रौद्योगिकी में हिन्दी : जानें, समझें, सीखें' विषय-वस्तु के साथ प्रदर्शनी लगाई गई है। पहले खंड 'इंटरनेट पर हिन्दी की विकास यात्रा' में इंटरनेट के भारत में आगमन से लेकर अब इंटरनेट पर हिन्दी को लेकर हुए कामों की एक झलक प्रस्तुत की गई है। 
 
इस खंड में अतिथियों को कुछ रोचक तथ्य तो जानने को मिलेंगे ही, साथ ही उन्हें इंटरनेट पर हिन्दी में हो रहे कामों की जानकारी मिलेगी। दूसरा खंड 'कंप्यूटर और मोबाइल पर हिन्दी' सूचना प्रौद्योगिकी में हिन्दी को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। 
 
आमतौर पर यह देखा गया है कि लोग कंप्यूटर और मोबाइल पर हिन्दी में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी न होने के कारण उनका उपयोग नहीं कर पाते। या यदि जानकारी होती भी है तो वे उनका उपयोग करने में हिचकिचाते हैं या कठिन मानते हैं। इस खंड में न केवल अतिथियों को कंप्यूटर और मोबाइल पर हिन्दी में अब तक हुए कामों की जानकारी दी गई है, बल्कि एक सामान्य उपयोगकर्ता के लिए हिन्दी के सभी उपयोगी उपकरणों और सुविधाओं के बारे में बताया गया है।
 
वेबदुनिया के स्टॉल पर एक अभ्यास खंड भी तैयार किया गया है जिसमें अतिथियों को कंप्यूटर और मोबाइल पर हिन्दी सक्षम करना और टाइप करना सिखाया जाएगा। मौजूद विशेषज्ञों की सहायता से अतिथि अपने कंप्यूटर और मोबाइल पर हिन्दी इंटरफ़ेस और हिन्दी टाइपिंग सक्षम करवा सकते हैं। हिन्दी कंप्यूटिंग से जुड़ी उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी विशेषज्ञ करेंगे।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आयोजन स्थल पर विश्व के पहले हिन्दी पोर्टल वेबदुनिया डॉट कॉम की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। स्वराज के साथ ही विदेश राज्यमंत्री जनरल (सेनि) वीके सिंह, मुख्‍यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, राज्यसभा सांसद अनिल माधव दवे, मप्र के कैबिनेट मंत्री नरोत्तम मिश्र, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के कुलपति बीके कुठियाला ने भी वेबदुनिया की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वेबदुनिया के संजय वर्मा ने प्रदर्शनी के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
 
वेबदुनिया के संपादक जयदीप कर्णिक ने बताया कि वेबदुनिया की स्थापना जन-जन तक सूचना प्रौद्योगिकी पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी तथा यह अभियान लगातार जारी है। वेबदुनिया की प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य अतिथियों को सूचना प्रौद्योगिकी में हिन्दी के बारे में जागरूक करना और आसानी से इसका उपयोग करने में उनकी सहायता करना है।

वेबदुनिया पर पढ़ें