वृषभ राशिवालों के लिए कैसा रहेगा 2014

- आचार्य डॉ. संजय

FILE

वार्षिक भविष्यफल 2014 : कैसा रहेगा वृषभ राशिवालों के लिए 2014


वृषभ राशि का स्वामी शुक्र है, अत: आपके व्यक्तित्व में स्वाभाविक रूप से आकर्षण रहेगा। आपकी कदकाठी और शारीरिक बनावट लोगों को सहज आकर्षित कर सकती है। आप स्वभाव से हंसमुख हो सकते हैं। आपकी वाणी प्रभावशाली होगी। आपमें किसी विषय वस्तु को सीखने की अद्‍भुत क्षमता होगी। आप किसी भी परिस्थिति को अपने प्रयासों द्वारा संभाल सकने में सक्षम हैं। आप पूर्ण ईमानदारी और लगन के साथ अपने परिवार का ख्याल रखते हैं।


परिवार : वृषभ राशि के जातकों को इस वर्ष कोई खुशखबरी मिल सकती है। परिवार में विवाह या संतान योग बन रहा है। वृषभ राशि के जातकों को इस साल के आरंभ में अपने परिजनों के हित के लिए काफी प्रयत्न करने होंगे। वर्ष के दूसरे भाग में यात्राओं के कारण आपको अपने परिवार से दूर रहना पड़ सकता है। घर परिवार को लेकर इस वर्ष आर्थिक व्यय होगा, लेकिन सामाजिक प्रतिष्ठा मिलेगी। यह वर्ष पारिवारिक मामलों के लिए अच्छा रहेगा।



स्वास्थ्य : छठे भाव में स्थित शनि और राहु स्वास्थ्य को कुछ कमजोर कर सकते हैं। राहु की स्थिति जुलाई के बाद बदलने वाली है जो स्वास्थ्य को बेहतर करेगा। पुरानी बीमारी परेशान कर सकती है। खान-पान पर संयम रखना बहुत जरूरी होगा। साथ ही गैरजरूरी यात्राओं से बचाव भी जरूरी होगा।



प्रेम-दांपत्य : प्रेम प्रसंगों के लिए यह वर्ष मिलाजुला रह सकता है। वर्ष के आरंभ में सब कुछ बढ़िया रहेगा। दांपत्य जीवन में प्रगाढ़ता या सगाई के लिए वर्ष अनुकूल रहेगा। विवाहित लोगों को संतान सुख नसीब होगा। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में कुछ कठिनाइयां आ सकती हैं। विवाहित जातकों को दांपत्य जीवन में कटुता का अनुभव होगा। अविवाहित जातक खुद पर थोड़ा संयम रखें नहीं तो विवाद उत्पन्न हो सकता है।



कार्यक्षेत्र-रोजगार : दशमेश शनि छठे भाव में उच्चावस्था में है। जो नौकरीपेशा लोगों के लिए एक सकारात्मक संदेश दे रहा है। यानी नौकरीपेशा जातकों के लिए पदोन्नति के योग प्रबल हैं। बेहतर नौकरी का अवसर भी प्राप्त हो सकता है। व्यवसायियों के व्यवसाय में भी सुधार होने के योग हैं लेकिन उन्हें लगातार मेहनत करते रहना होगा। हालांकि आप दैनिक कार्यों में स्फूर्तिवान बने रहेंगे और कार्यक्षेत्र में अच्छा करते रहेंगे।



धन-संपत्ति : इस वर्ष आमदनी में बढ़ोतरी संभव है। आर्थिक समस्याएं कम होंगी। अप्रत्याशित लाभ मिल सकता है। वर्ष के पहले भाग में किसी धार्मिक कार्य में भाग लेना श्रेयस्कर होगा। वर्ष के दूसरे भाग में किसी बड़े निवेश या उद्योग या जमीन-जायदाद के धन लगाने से पहले भली-भांति मंथन कर लें।


विद्या : सामान्य तौर पर यह वर्ष विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा। वर्ष के पहले भाग अनुकूल परिणाम मिलेंगे। इस समय बैंकिग या प्रबंधन जैसे क्षेत्रों की पढ़ाई के लिए समय शुभ रहेगा। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही करना उचित नहीं रहेगा। प्रतियोगी परीक्षा या प्रतिस्पर्धा के लिए वर्ष अनुकूल रहेगा

वेबदुनिया पर पढ़ें