ओसामा बिन लादेन को समुद्र में दफनाया

सोमवार, 2 मई 2011 (23:26 IST)
वॉशिंगटन। अल कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन को समुद्र में दफनाया दिया गया। ऐसी आशंका थी कि जमीन पर उन्हें दफनाए जाने के बाद उनकी कब्र उनके चरमपंथी समर्थकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बन जाती।

दुनिया के सर्वाधिक वांछित आतंकवादी को अमेरिकी विशेष बलों ने सोमवार को पाकिस्तान में एक विशेष अभियान में मार गिराया गया था। उसके शव की अंतिम क्रिया इस्लामी परंपराओं के अनुरूप हुई और उसे समुद्र में दफना दिया गया।

अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हम यह सुनिश्चित कर रहे थे कि शव की अंतिम क्रिया इस्लामी परंपराओं के अनुसार हो। यह ऐसा मामला है जिसे हम बेहद गंभीरता से ले रहे थे और इसीलिए शव को उचित तरीके से रखा गया। लादेन के अंतिम संस्कार के बारे में अधिक जानकारी उपलब्ध नहीं है सिवाय इसके कि अधिकारियों ने बताया कि ओसामा को समुद्र में दफनाया गया।

ऐसा संभवत: इसलिए किया गया क्योंकि ऐसे देश को ढूंढ निकालना काफी मुश्किल होता जो उसके शव को स्वीकार करता। अमेरिकी विशेष बलों द्वारा पाकिस्तान के एबटाबाद में हमला स्थल से उसके शव को हवाई जहाज से निकाले जाने के तुरंत बाद उसे समुद्र में दफना दिया गया।

समुद्र में उसके शव को दफनाने से यह सुनिश्चित होगा कि उसका अंतिम संस्कार स्थल इराकी नेता सद्दाम हुसैन की तरह किसी दरगाह में तब्दील नहीं होगा और उनके समर्थकों के लिए तीर्थयात्रा स्थल नहीं बनेगा। सद्दाम के मकबरे को उनके समर्थकों द्वारा किसी दरगाह की तरह देखा जाता है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें