दुनियाभर में छाई मंडेला के निधन की खबर

शुक्रवार, 6 दिसंबर 2013 (23:18 IST)
FILE
हांगकांग। बहुत कम लोग ऐसे होते हैं जिनके निधन की खबर दुनियाभर के अखबारों के मुख्य पृष्ठ पर जगह बनाती है और निरंतर टीवी कवरेज होता है। ऐसी ही शख्सियत हैं नेल्सन मंडेला।

95 वर्षीय मंडेला के निधन को लेकर टि्वटर सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी भावनाओं का ज्वार उमड़ पड़ा है। लोग मंडेला को इस मंच से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

दक्षिण अफ्रीका में ज्यादातर अखबारों ने मंडेला के निधन पर शोक प्रकट करते हुए अपनी सुर्खियां काले रंग की दीं। राष्ट्रीय अखबार ‘द स्टार’ ने शीषर्क दिया, द वर्ल्ड वीप्स (दुनिया रोई)।

विश्वभर में समाचार चैनलों पर इस खबर का निरंतर कवरेज हुआ। ‘द न्यू यार्कर’ के मुख्य पृष्ठ पर मंडेला के युवावस्था की तस्वीर छपी जिसमें वे बागी अंदाज में मुट्ठी बांधे हुए थे।

वहीं ‘टाइम’ पत्रिका ने मंडेला के हालिया फोटो के साथ लिखा ‘प्रोटेस्टर, प्रिजनर, पीसमेकर’ (विरेाध करने वाला, जेल में बंद रहने वाला, शांति कायम करने वाला)।

ब्रिटेन के ‘डेली मेल’ ने मंडेला को ऐसा व्यक्ति बताया जिन्होंने दुनिया को क्षमा का गुण सिखाया। ब्रिटेन के अन्य अखबारों में भी इसी तरह की खबरें छपीं। जर्मनी के ‘डेर स्पाइजेल’ ने ऑनलाइन संस्करण में मंडेला को ‘दमन के खिलाफ एक महान सेनानी’ बताया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें