पुतिन के हाथ में है रूस की बागडोर!

रविवार, 1 मार्च 2009 (09:41 IST)
रूस में बहुत कम लोग यह मानते हैं कि देश में वास्तविक सत्ता राष्ट्रपति दमित्री मेदवेदेव के हाथ में है। ऐसे लोगों की संख्या अधिक है, जो यह मानते हैं कि देश की असली बागडोर प्रधानमंत्री ब्लादिमीर पुतिन के हाथ में है।

स्वतंत्र एजेंसी लिवादा सेंटर द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार 12 प्रतिशत रूसी मानते हैं कि देश की सत्ता मेदवेदेव के हाथ में है, जबकि 34 प्रतिशत लोग मानते हैं कि असली सत्ता पुतिन के हाथ में है।

वहीं एक वर्ष पहले मेदवेदेव के चुनाव जीतने के समय 23 प्रतिशत लोगों ने यह मत व्यक्त किया था कि भावी राष्ट्रपति देश की सत्ता अपने हाथ में रखेंगे, जबकि 20 प्रतिशत का यह मानना था कि सत्ता पुतिन के पास रहेगी।

उल्लेखनीय है कि देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री मेदवेदेव दो मार्च 2008 को राष्ट्रपति चुने गए थे। उन्होंने देश के पूर्व राष्ट्रपति पुतिन को प्रधानमंत्री चुना था। दोनों नेताओं के बीच वैश्विक आर्थिक मंदी तथा जार्जिया सहित कई अहम मुद्दों पर कभी कोई मतभेद सामने नहीं आया।

वेबदुनिया पर पढ़ें