लंदन में अल्पसंख्यक हुए अंग्रेज

मंगलवार, 11 दिसंबर 2012 (23:17 IST)
ब्रिटेन के मूल नागरिक अंग्रेज लंदन शहर में अल्पसंख्यक हो गए हैं। भारत समेत बाहर से आने वाली आबादी अब बहुसंख्यक हो गई है। यह संभवत: पहला मौका है, जब ब्रिटेन के मूल नागरिक अपने ही देश के किसी शहर में अल्पसंख्यक हो गए हैं।

जनगणना के ताजा आंकड़ों के अनुसार 2011 में लंदन में अंग्रेजों की आबादी घटकर 37 लाख रह गई, जो 2001 में 43 लाख थी। इस प्रकार, शहर की आबादी में इनका हिस्सा 44.9 प्रतिशत रहा।

संभवत: इतिहास में यह पहला मौका है, जब ब्रिटेन के श्वेत नागरिक किसी क्षेत्र में अल्पसंख्यक हो गए हैं। वर्ष 2011 के आंकड़ों के अनुसार 75 लाख निवासी विदेशों में जन्मे थे, जो कुल आबादी का 13 प्रतिशत है। 2001 में यह संख्या 46 लाख थी।

इंग्लैंड और वेल्स की कुल आबादी 5.61 करोड़ रही, जो 2001 के मुकाबले सात प्रतिशत अधिक है। कुल 4.82 करोड़ लोगों ने खुद को श्वेत बताया जो इंगलैंड और वेल्स की आबादी का 86 प्रतिशत है। एक दशक पहले यह आंकड़ा 91.3 प्रतिशत था।

आंकड़ों के अनुसार लंदन आव्रजकों का सबसे पसंदीदा शहर है। 37 प्रतिशत इसके निवासी विदेशों में जन्मे हैं और 24 प्रतिशत ब्रिटेन के नागरिक नहीं हैं। ब्रिटेन आने वाले आव्रजकों में पोलैंड के अलावा भारत, पाकिस्तान, आयरलैंड तथा जर्मनी के लोग शामिल हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें