नई दिल्ली। सरकार ने माना कि भारत विश्व के भौगोलिक क्षेत्र के केवल 2.4 फीसदी हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है लेकिन विश्व की जीव प्रजातियों में से 7.5 फीसदी से अधिक जीव प्रजातियां देश में हैं।
पर्यावरण और वन राज्यमंत्री जयंती नटराजन ने राज्यसभा को बताया कि दुनिया के भौगोलिक क्षेत्र का केवल 2.4 फीसदी हिस्सा भारत में है लेकिन भारतीय प्राणी सर्वेक्षण की रिपोर्ट के अनुसार, विश्व की जीव प्रजातियों में से 7.5 फीसदी से अधिक जीव प्रजातियां भारत में हैं। यह प्रतिशत अभी तक ज्ञात करीब 92,037 प्रजातियों के आधार पर है। इनमें कीटों की 61,375 प्रजातियां शामिल हैं।
जयंती ने डॉ. केपी रामलिंगम के प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पादप प्रजातियों की संख्या करीब 2,98,000 है। विश्व की कुल रिकॉर्ड की गई पादप प्रजातियों में से भारतीय वनस्पति का प्रतिशत 11.4 है और करीब 28 फीसदी पादप प्रजातियां स्थानीय हैं। (भाषा)