हिमस्खलन में 9 पर्वतारोहियों की मौत, 4 लापता

शुक्रवार, 13 जुलाई 2012 (11:37 IST)
यूरोप की सबसे ऊंची चोटियों में से एक फ्रांस के आल्प्स में हिमस्खलन से चोटी पर चढ़ने का प्रयास कर रहे 9 पर्वतारोहियों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य अभी भी लापता हैं।

फ्रांस के आंतरिक मामलों के मंत्री मैनुएल वाल्स ने बताया कि मृतकों में 3 ब्रितानी, 3 जर्मन, 2 स्पेनिश और 1 स्विस नागरिक है। लापता लोगों में ब्रिटेन और जर्मनी के 2-2 नागरिक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच कराई जाएगी तथा यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि इस तरह की घटनाओं से कैसे बचा जा सकेगा।

वाल्स ने बताया कि उन्होंने विमान से घटनास्थल का जायजा लिया है, जहां बर्फ के विशाल खंड नजर आ रहे हैं। स्थिति अभी खतरनाक बनी हुई है तथा पर्वतारोहियों के लिए यह सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश इस तरह की घटनाएं अक्सर जुलाई अथवा अगस्त में होती हैं, लेकिन हम जांच के बाद देखेंगे कि इस स्थिति में क्या किया जा सकता है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें