फयान बना किसानों के लिए अमृत

शुक्रवार, 13 नवंबर 2009 (15:48 IST)
अरब सागर में उठे चक्रवात 'फयान' के प्रभाव से मध्यप्रदेश में कल रात से हो रही बारिश किसानों के लिए अमृत वर्षा साबित हो रही है। इससे बिजली संकट से जूझ रही राज्य सरकार की मुश्किलें भी आसान हुई है।

कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि रबी की फसल के लिए इस वर्षा ने पहली सिंचाई का काम किया है। वहीं बिजली की बढ़ती जरूरत को लेकर सरकार पर जो दबाव था वह भी कम हुआ है।

मध्यप्रदेश के कृषि संचालक डॉ. डी.एन. शर्मा ने बताया कि निस्संदेह यह बारिश किसानों के लिए अमृत की तरह है।

अगर यह कहा जाए कि इस समय कृषकों की मनःस्थिति नृत्य करने की है तो गलत नहीं होगा। उन्होंने कहा कि गत अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में प्रदेश में हुई वर्षा ने रबी फसल के लिए पलेवा का काम किया था और कल से हो रही बारिश ने पहली सिंचाई साबित हुई है। अक्टूबर और नवंबर माह की इस वर्षा के कारण प्रदेश में रबी फसल का आठ लाख हेक्टेयर रकबा बढ़ जाएगा। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें