पहले जनजातीय विवि का शिलान्यास

शनिवार, 19 अप्रैल 2008 (22:44 IST)
जनजातीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा व शोध के अवसर उपलब्ध कराने के लिए केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री अर्जुनसिंह ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी के नाम पर देश के पहले जनजातीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया।

सिंह ने इस अवसर पर बताया कि इस विश्वविद्यालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से देश के जनजातीय समूह के लिए उच्च शिक्षा और शोध सुविधाओं की व्यवस्था और विस्तार है। उन्होंनें कहा कि इसका क्षेत्राधिकार समस्त भारत होगा और विश्वविद्यालय विभिन्न जनजातीय क्षेत्रों में क्षेत्रीय केन्द्र और कैम्पस स्थापित करने में सक्षम होगा।

उन्होंने कहा कि कि यह विश्वविद्यालय न केवल जनजातीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा व शोध के अवसर प्रदान करेगा बल्कि जनजातीय इतिहास, संस्कृति, कला, भाषा, रीति-रिवाज, चिकित्सा व्यवस्था और वन आधारित प्राकृतिक संसाधनों, वनस्पतियों और जीव-जंतुओं से संबंधित विषयों में शिक्षा और शोध कार्य को बढ़ावा देगा। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें