मध्यप्रदेश में भाजपा को स्पष्ट बहुमत

मंगलवार, 9 दिसंबर 2008 (00:25 IST)
मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है।

राज्य में शाम साढ़े सात बजे तक 211 स्थानों के बाद भाजपा ने 135 स्थानों पर विजय प्राप्त कर ली थी, जबकि उसे 230 सदस्यीय विधानसभा में मात्र 116 सदस्यों की आवश्यकता है। अभी भी 7 स्थानों पर भाजपा के प्रत्याशी बढ़त कायम रखे हुए हैं।

प्राप्त परिणामों के अनुसार सत्ता में आने का सपना देख रहे प्रमुख प्रतिद्वंदी दल कांग्रेस को मात्र 61 स्थानों पर विजय मिली और उसके प्रत्याशी 9 स्थानों पर बढ़त बनाए हुए थे।

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भाजश के गठन के बाद प्रदेश में स्वयं को असली भाजपा बताते हुए सरकार बनाने का दावा किया था, लेकिन जहाँ वे स्वयं टीकमगढ़ से चुनावी मैदान में खेत रहीं, वहीं उनकी पार्टी दहाई अंक भी नहीं पार कर सकी। हालाँकि यहाँ भाजश ने अपना खाता खोलते हुए पाँच स्थानों पर विजय प्राप्त कर ली।

बहुजन समाज पार्टी ने अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए सात स्थानों पर विजय प्राप्त कर ली, वहीं पिछले चुनाव में आठ स्थानों पर विजय प्राप्त करने वाली समाजवादी पार्टी मात्र एक स्थान पर सिमट कर रह गई। इसके अलावा तीन निर्दलीय भी अपनी उपस्थिति दर्ज करने में सफल रहे।

वेबदुनिया पर पढ़ें