प्रिंस चार्ल्स ने चखा ढोकला

रविवार, 3 अक्टूबर 2010 (00:26 IST)
ND
प्रिंस चार्ल्स और उनकी पत्नी कैमिला पार्कर बाउल्स शनिवार को जब राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से मिलने राष्ट्रपति भवन गए तो उनके सामने ढोकला, समोसा और अनानास का हलवा पेश किया गया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रिंस चार्ल्स और डचेज ऑफ कार्नवाल बाउल्स ने राष्ट्रपति के अध्ययन कक्ष में कुछ समय बिताया। राष्ट्रपति ने इस अतिविशिष्ट अतिथियों को राष्ट्रपति भवन की सौर ऊर्जा पर आधारित रोशनी परियोजना के बारे में जानकारी दी।

इसके बाद वे मुगल गार्डन गए और संगीतमय झरने के सामने कुछ पल बिताए जहाँ उन्हें आयुर्वेदिक औषधि के बारे में जानकारी दी गई। डचेज ऑफ कार्नवाल ने राष्ट्रपति के साथ बेंगलुरु के अपने अनुभव के बारे में चर्चा की।

कॉमनवेल्थ गेम्स के सिलसिले में भारत आए अतिविशिष्ट अतिथियों को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने बताया कि विभिन्न रोगों के उपचार के लिए आयुर्वेद के क्षेत्र में संभावनाएँ हैं।

इसके बाद उन्हें ढोकला, आलू मटर का समोसा और अनानास का हलवा जैसे लजीज भारतीय व्यंजन पेश किए गए। प्रिंस चार्ल्स और बाउल्स ढोकला और अनानास का हलवा खाकर काफी प्रसन्न हुए। अधिकारी ने बताया कि प्रिंस चार्ल्स और उनकी पत्नी ने राष्ट्रपति को बताया कि उन्हें शाकाहारी खाना काफी अच्छा लगता है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें