आजम खान पर बरसे अमर सिंह

सोमवार, 29 अप्रैल 2013 (22:55 IST)
FILE
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी से निष्कासित कर दिए गए राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान की उस टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना की जिसमें उन्होंने अमेरिका के बोस्टन हवाई अड्डे पर खुद को रोके जाने के लिए खुर्शीद को जिम्मेदार बताया था। सिंह ने आजम के इस बयान को मूर्खतापूर्ण और हल्का करार दिया।

सिंह ने यह भी कहा कि अक्सर विदेश यात्रा पर जाने के कारण वे यह तथ्य जानते हैं कि हर जगह अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के मानक एक जैसे हैं और हरेक को इसको मानना पड़ता है।

उन्होंने कहा, यह एक हल्का और मूर्खतापूर्ण बयान है। यह बहुत घृणित और क्षति पहुंचाने वाला बयान है। सिंह ने इस पूरे मामले में खान द्वारा खुर्शीद पर आरोप लगाने पर आश्चर्य जताया।

सिंह ने कहा, मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि सलमान खुर्शीद यह कैसे कर सकते हैं। इसके बावजूद भी यदि सलमान खुर्शीद वास्तव में अपने किसी दुश्मन को अपमानित करना या नीचा दिखाना चाहते तो अमेरिका का विदेश मंत्रालय इस तरह के किसी अनुरोध पर ध्यान नहीं देने जा रहा। उन्होंने खान द्वारा खुद को रोके जाने की घटना को सांप्रदायिक रंग देने के लिए उनकी आलोचना की। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें