इसरो चन्द्रयान-2 अभियान में जुटा

सोमवार, 20 अप्रैल 2009 (20:22 IST)
भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक चन्द्रमा के अध्ययन वाले अभियान चन्द्रयान द्वितीय में जी-जान से जुटे हुए हैं, जिसके तहत पृथ्वी के प्राकृतिक उपग्रह की सतह पर छोटे रोवर यान को उतारा जाएगा।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के उपग्रह केन्द्र के निदेशक डॉ. टीके एलेक्स ने कहा कि हम रोवरों में ले जाए जाने वाले उपकरणों को तय करने का काम कर रहे हैं। यह 2011 के अंत अथवा 2012 के शुरू में प्रक्षेपित किया जाएगा।

इसरो के अधिकारियों ने कहा कि 22 अक्तूबर 2008 को प्रक्षेपित देश के पहले चन्द्र अभियान चन्द्रयान प्रथम ने कल अपनी कक्षा में छह माह पूरे कर लिए। यह अच्छी तरह से काम कर रहा है और अंतरिक्ष यान में लगे वैज्ञानिक उपकरणों के जरिये आँकड़े भेज रहा है।

उन्होंने आज सुबह भारत के रीसेट-2 और अनुसेट उपग्रहों के प्रक्षेपण के बाद कहा कि हम अंतरिक्ष यान की चन्द्रमा से 100 किलोमीटर दूरी सुनिश्चित रखने के लिए नियमित रूप से प्रयास कर रहे हैं।

इसरो के अध्यक्ष माधवन नायर ने कहा कि चन्द्रयान प्रथम की सफलता ने युवा लोगों के मन में उत्साह पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा इसरो ने जब 300 पदों की भर्ती के लिए विज्ञापन दिया तो हमें 1.32 लाख आवेदन मिले। मैं इससे बेहद प्रसन्न हूँ।

वेबदुनिया पर पढ़ें