खत्म नहीं होगा चंद्र अभियान:इसरो

शुक्रवार, 17 जुलाई 2009 (19:31 IST)
इसरो ने शुक्रवार को कहा कि चंद्रयान एक के स्टार सेंसर की विफलता के कारण दो वर्ष के चंद्र अभियान को समाप्त नहीं किया जाएगा और अभियान का 90 फीसदी से अधिक वैज्ञानिक उद्देश्य पहले ही पूरा हो चुका है।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अध्यक्ष जी माधवन नायर ने यहाँ संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अंतरिक्ष वैज्ञानिक 16 मई से उत्पन्न हुई इस गड़बड़ी से एक सप्ताह के भीतर निपटने में सफल होंगे और अंतरिक्ष यान फिर से सामान्य रूप से काम करने लगेगा।

उन्होंने बताया कि स्टार सेंसर एक प्रमुख सेंसर है, जिसका उपयोग चंद्रयान की उँचाई निर्धारित करने के लिए किया जाता है। ये सेंसर चंद्रयान को सटीक रूप से दिशाबद्ध करते हैं।

उन्होंने कहा कि इसरो अब भारतीय सुदूर संवेदी वर्ग के उपग्रहों में प्रयोग होने वाले जाइरोस्कोप, इलेक्ट्रो मैकेनिकल उपकरणों का उपयोग कर रहा है जो सटीकता से दिशाबद्ध करते हैं।

नायर ने कहा,‘जीवन (अंतरिक्षयान का) उसके उपकरणों पर निर्भर नहीं होता। सेंसर को इस चरण में बहाल नहीं किया जा सकता और हमें आशा है कि इस अभियान का शेष भाग आशानुरूप जाइरो मोड में पूरा कर लिया जाएगा।’

वेबदुनिया पर पढ़ें