गडकरी ने कांग्रेस को फटकार लगाई

गुरुवार, 8 जुलाई 2010 (21:05 IST)
FILE
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कांग्रेस पार्टी को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि आज देश की सुरक्षा खतरे में है और देश में वोट बैंक की राजनीति की जा रही है।

भाजपा की प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित जनाक्रोश रैली में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि कांग्रेस एक ‘प्राइवेट फर्म’ की तरह काम कर रही है। लोकतांत्रिक मूल्यों के लिये कांग्रेस में कोई जगह नहीं है।

उन्होंने कहा कि आने वाला समय और अधिक कठिन है। देश की सुरक्षा खतरे में है। चीन हमारी सीमा मे घुस रहा है। सरकार का कोई ध्यान नहीं है। असम में बांग्लादेशी घुसपैठ कर रहे हैं और वहाँ के राजनैतिक दलों में वोट बैंक के चलते होड़ लगी है कि कौन कितनी अधिक संख्या में घुसपैठ कराए और उन्हें मतदाता सूची में शामिल करा ले।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हालत तो यह है कि कुछ देशों का वीजा तक नहीं मिलता है और हमारे देश में घुसपैठ के सवाल पर वोट बैंक की खातिर कोई भी बोलने तक को तैयार नहीं है।

गडकरी ने कहा कि देश में पड़ोसी देशों से आतंकवादियों के आने का सिलसिला जारी है और सरकार उन आतंकवादियों को पकडने में नाकाम हो रही है। हमारे लोग मर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अभी तक संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरू को फाँसी की सजा नहीं दी गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने उसकी फाइल को चार साल तक अपने पास दबाए रखा था। कांग्रेस को बताना पड़ेगा कि अफजल गुरू की फाँसी की सजा को अभी तक क्यों टाला गया है।

गडकरी ने कांग्रेस पर अपने हमले को और अधिक तेज करते हुए यहाँ तक कहा कि कांग्रेस बुजदिलों की पार्टी है। आतंकवाद के आगे घुटने टेकने वाली पार्टी है। इशरतजहां के मामले में अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी हेडली का बयान आने के बाद जो लोग कल तक गुजरात सरकार पर आरोप लगा रहे थे उनका चेहरा अब देखने लायक है।

उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि क्या अब इस देश में राष्ट्रवादी पुलिसकर्मियों को जेल भेज जाएगा और आतंकवादियों का सम्मान, गौरव तथा जय होगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश नक्सलवाद सामाजिक और आर्थिक समस्या नहीं है, बल्कि यह तो कांग्रेस की गलत नीतियों का परिणाम है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें