गरीब, शोषित भगवान के समान-गडकरी

शुक्रवार, 11 फ़रवरी 2011 (15:06 IST)
FILE
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि उनकी पार्टी के लिए देश रहने वाले लाखों गरीब, शोषित और दलित, भगवान के समान हैं और भाजपा सामाजिक और आर्थिक स्थिति के सुधार के लिए राजनीति को एक उपकरण मानती है।

गडकरी शुक्रवार को मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के साथ उत्तराखंड सरकार द्वारा राज्य में अटल खाद्यान्न योजना का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा के महान चिंतक दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर शुरू की गई इस योजना से राज्य के करीब 30 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। ऐसी योजनाएँ देश के अन्य हिस्सों में भी निरंतर चलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय कृषि मंत्री का कहना है कि देश में प्रतिवर्ष 58 हजार करोड़ रूपये का अनाज सड़ जाता है। यदि ऐसा है तो अनाज को सड़ाने की बजाए उसे क्यों नहीं उन गरीबों, शोषितों और जरूरतमंद लोगों में बाँट दिया जाता है जिन्हें इसकी सबसे अधिक जरूरत है।

गडकरी ने निशंक सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि गरीबों के कल्याण के लिए इस तरह की अन्य योजनाओं की भी शुरुआत की जानी चाहिए क्योंकि दीनदयाल उपाध्याय का स्पष्ट मानना था कि शोषित, दलित, पीड़ित, आर्थिक रूप से जरूरतमंद व्यक्ति भगवान का स्वरूप होता है और उसकी सेवा की जानी चाहिए। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें