ट्विटर पर सबसे ज्यादा प्रियंका की 'तलाश'

रविवार, 9 अगस्त 2009 (00:00 IST)
बॉलीवुड ब्यूटी प्रियंका चोपड़ा मशहूर माइक्रो-ब्लागिंग वेबसाइट ‘ट्विटर’ पर अपने मुरीदों की ओर से तलाशी जाने वाली बॉलीवुड शख्सियतों में पहले पायदान पर आ गई हैं।

‘ट्विटर’ पर प्रियंका को तलाशने और उनके बारे में जानने की चाहत रखने वाले लोगों की तादाद 22,365 तक पहुँच गई है। इस मामले में प्रियंका ने गुल पनाग, मल्लिका सहरावत और करण जौहर जैसी नामी-गिरामी हस्तियों को पीछे छोड़ दिया है।

प्रियंका के चाहने वालों की तादाद में हर मिनट इजाफा हो रहा है और उनकी इस ख्याति का श्रेय जाता है ‘ट्विटर’ को। पूर्व मिस वर्ल्ड प्रियंका चोपड़ा अपनी आने वाली फिल्म ‘कमीने’ के प्रचार-प्रसार के लिए भी ‘ट्विटर’ का इस्तेमाल कर रही हैं।

बॉलीवुड शख्सियतों के बीच ‘ट्विटर’ पर प्रियंका को चाहने वाले सबसे ज्यादा हैं। गुल पनाग को चाहने वालों की तादाद जहाँ 13,051 है, वहीं मल्लिका सहरावत के चाहने वाले 11,327 और करण जौहर के मुरीदों की तादाद करीब 4,993 है।

‘ट्विटर’ की सबसे पुरानी और सबसे नियमित ब्लॉगर होने के बावजूद अपने बोल्ड सीन के लिए मशहूर मल्लिका सहरावत अन्य अभिनेत्रियों से काफी पीछे हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें