भाजपा का साथ नहीं छोड़ेंगे कुमारस्वामी

सोमवार, 4 जून 2007 (12:21 IST)
कर्नाटक में जदएस ने एक बार फिर से कांग्रेस के साथ गठबंधन करने और भाजपा का साथ छोड़ने की अटकलों को खारिज किया है।

मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने इन अटकलों को उनकी गठबंधन सरकार को अस्थिर करने के लिए कांग्रेस द्वारा लगातार की जा रही साजिश कहकर खारिज कर दिया।

कुमारस्वामी ने बताया जदएस के राज्य में एक बार फिर कांग्रेस के साथ मिलने संबंधी मीडिया की अटकलों में कोई आधार नहीं है। कुछ कांग्रेसी नेताओं द्वारा रची गई यह कयासबाजी उनकी सरकार को अस्थिर करने के लिए पिछले दो माह से लगातार रची जा रही साजिश का हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कुछ पार्टियाँ राजनीतिक खेल खेल रही हैं। उल्लेखनीय है कि उन्होंने 15 महीने पहले धरमसिंह के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल से समर्थन वापस लेकर सरकार गिरा दी थी।

कुमारस्वामी ने कहा मैं न सिर्फ अपना 20 महीने का कार्यकाल पूरा करूँगा बल्कि समझौते के अनुसार भाजपा को सत्ता भी हस्तांतरित करूँगा। कुमारस्वामी का कार्यकाल दो अक्टूबर को खत्म हो रहा है।

वेबदुनिया पर पढ़ें