असम में बनेगी भाजपा की सरकार

मंगलवार, 29 मार्च 2011 (13:02 IST)
वरिष्ठ भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने मंगलवार को कहा कि वह अपने दम पर सरकार बनाने के लिए असम विधानसभा चुनाव लड़ रही है और लोग कांगेस की राज्य एवं केंद्र सरकारों से निराश एवं दुखी हैं।

पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने कहा कि जब आप चुनाव लड़ रहे होते हैं, आपका जोर सिर्फ जीतने पर होता है। इसी प्रकार हम सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। हमारा उद्देश्य अपने दम पर सरकार बनाना है।

राज्य में भाजपा के विधायकों की संख्या सिर्फ 10 होने के बारे में पूछे जाने पर सुषमा ने कहा कि बिहार में हमारी जीत की दर 99 प्रतिशत रही। पंजाब में हमने 23 में से 19 सीटों पर जीत दर्ज की। जब लोग पक्ष में आते हैं तो पूरे मन से आते हैं।

यह पूछे जाने पर उनकी पार्टी किस दल के साथ सरकार बनाएगी, भाजपा नेता ने कहा कि इस बारे में अभी विचार नहीं किया जा रहा। यह सवाल चुनाव नतीजों के सामने आने के बाद प्रासंगिक होगा। सरकारों के लिए गठजोड़ के बारे में केंद्रीय संसदीय बोर्ड को फैसला करना है।

लोकसभा में विपक्ष की नेता ने कहा कि लोग केंद्र और राज्य सरकार से निराश और दुखी हैं। इससे मतों का विभाजन नहीं होगा बल्कि वे एकजुट होंगे। लोग यह फैसला करेंगे कि वे किन्हें सत्ता में लाएँगे और किनके खिलाफ मतदान करेंगे। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें