दिग्विजय मानसिक रूप से बीमार-भाजपा

मंगलवार, 7 जून 2011 (16:49 IST)
कांग्रेस महासचिव दिग्विजयसिंह को ‘मानसिक रूप से बीमार’ करार देते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि पार्टी प्रमुख के इशारों पर बिना सोचे-समझे बोलने वाले दिग्विजयसिंह पहले किसी मानसिक अस्पताल में इलाज कराएं उसके बाद सोच समझ कर बोलें। इसके साथ भाजपा ने आज यहां विरोध स्वरूप केन्द्र सरकार का पुतला जलाया।

दिग्विजयसिंह के हालिया बयानों के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा राज्य सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि दिग्विजयसिंह मानसिक रूप से बीमार हैं। कांग्रेस प्रमुख जैसा कहती हैं वे वैसा ही बोलते हैं।

कालिया ने जोर देकर कहा कि दिग्विजयसिंह को कुछ बोलने से पहले आगरा, बरेली, अमृतसर या रांची जाकर पहले अपना इलाज कराना चाहिए। इसके बाद उन्हें कुछ बोलना चाहिए। मध्यप्रदेश की सत्ता से जनता द्वारा बेदखल किए जाने के बाद से ही उनका मानसिक संतुलन गड़बड़ाया हुआ है।

भाजपा नेता कालिया से यह पूछा गया था कि दिग्विजयसिंह ने हाल ही में कहा था कि बाबा रामदेव का अनशन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा प्रायोजित है क्योंकि भगवा संगठन आतंकवाद के आरोपों से सबका ध्यान बंटाने की कोशिश कर रहा है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें