53000 देकर छूटीं एकता कपूर

सोमवार, 8 अगस्त 2011 (19:56 IST)
FILE
मुंबई हवाई अड्डे पर एक लाख रुपए के ब्रांडेड सामान की जानकारी नहीं देने के बाद फिल्म और टेलीविजन प्रोड्यूसर एकता कपूर को पूछताछ के लिए रोक लिया गया और जुर्माना और सीमा शुल्क के रूप में 53000 रुपए अदा करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

सीमा शुल्क आयुक्त पीएम गोवांदे ने कहा कि एकता को रविवार रात हवाई अड्डे के ग्रीन चैनल से निकलते समय उस समय रोक लिया गया, जब उनके बैग से एक लाख रुपए के ऐसे निजी सामान पाए गए, जिनके बारे में उन्होंने अधिकारियों को जानकारी नहीं दी थी।

गोवांदे ने कहा कि कपूर पर 28000 रुपए का जुर्माना लगाया गया और उन्होंने सामान के लिए 25000 रुपए का कर भी अदा किया। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि वे कल रात थाई एयरलाइंस से पौने ग्यारह बजे पहुंची थी।

अधिकारी ने कहा कि रोके जाने पर एकता ने सीमा शुल्क अधिकारियों से बहस की थी, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया और उनके ब्रांडेड कपड़ों का मूल्य आंका गया। उन्हें 53000 रुपए देने के लिए कहा गया। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड अभिनेता जितेन्द्र की पुत्री को आधी रात के कुछ समय बाद जाने दिया गया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें